शहडोल संभाग वासियों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। मध्य प्रदेश प्रशासन की तरफ से संभाग में पहले नगर निगम बनाए जाने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। यह नगर निगम संभाग के कोयला बहुल क्षेत्र की धनपुरी नगरपालिका परिषद, बुढार नगर परिषद, और बकहो नगर परिषद को मिलाकर बनाया जाएगा।
बीते दिनों प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान अपने धनपुरी प्रवास पर आए हुए थे। इसी दौरान जैतपुर क्षेत्र की विधायक मनीषा सिंह जी ने मुख्यमंत्री से मिलकर संभाग में एक नगर निगम बनाए जाने की मांग की थी। 1 जुलाई को फिर से विधायक द्वारा मुख्यमंत्री को पत्र लिखा गया। जिसमें धनपुरी, बुढार और बकहो नगर परिषदों को मिलाकर नगर निगम बनाने की बात की गई।
राज्य प्रशासन की ओर से भी मांग पर कार्यवाही करते हुए जिला कलेक्टर को एक पत्र भेजा गया। कलेक्टर को यह पत्र नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के अपर संचालक की ओर से 2 सितंबर को भेजा गया। पत्र में कहा गया कि नगर पालिका अधिनियम 1961 की धारा 5 के प्रावधानों के तहत आवश्यक बातों को ध्यान में रखकर नगर निगम बनाया जा सकता है।
इस नियम के तहत कलेक्टर से 9 बिंदुओं पर जानकारी मांगी गई। साथ ही आवश्यक अभिलेख और अनुशंसा के साथ नगर निगम बनाने के प्रस्ताव की रूपरेखा भी मांगी गई। कलेक्टर ऑफिस इस विषय पर कार्यवाही कर रहा है।
लेकिन नगर निगम बनाए जाने में कुछ अड़चनें भी सामने आ रही है। नियम के तहत नगर निगम के लिए आवश्यक जनसंख्या कम से कम एक लाख होनी चाहिए। जबकि बुढार, बकहो और धनपुरी को मिलाकर भी एक लाख आबादी नहीं पहुंच रही है। वर्तमान में इन तीनों निकायों की जनसंख्या लगभग 85,000 है। बुढार की आबादी जहां 20000 बकहो की 21000 वही धनपुरी निकाय की आबादी 45000 के लगभग है।
जैतपुर विधायक मनीषा सिंह ने कहा है कि आबादी के विषय पर कलेक्टर ऑफिस से चर्चा की जाएगी। अगर नगर निगम बनाने में आबादी कम पड़ती है तो आसपास के ग्राम पंचायतों को भी इसमें शामिल कर लिया जाएगा। विधायक का कहना है कि नगर निगम बनाए जाने से क्षेत्र में विकास की गति तेज हो सकेगी और लोगों को भी अच्छी सुविधाएं प्राप्त होगी।