देश का मजदूर वर्ग वर्तमान सरकार की नीतियों से नाराज़ जान पड़ता है। जगह जगह पर हो रहे प्रदर्शन और हड़तालें यही बयान कर रहे हैं। शहडोल जिले में भी भारतीय मजदूर संघ के स्थानीय नेताओं ने कलेक्टर ऑफिस के सामने धरना प्रदर्शन किया।
मजदूर संघ का कहना है कि बढ़ती हुई महंगाई, सार्वजनिक उपक्रमों के निजीकरण, मुद्रीकरण साथ ही निगमीकरण से मजदूर वर्ग की जीविका संकट में पड़ गई है। इसके साथ ही देश की अर्थव्यवस्था को भी खासा नुकसान हो रहा है।
मजदूर संघ के प्रदर्शनकारियों ने कलेक्टर ऑफिस के सामने प्रदर्शन करते हुए मुख्यमंत्री व प्रधानमंत्री के नाम से कलेक्टर ऑफिस में ज्ञापन सौंपा। साथ ही मजदूर संघ का कहना है कि कर्मचारियों और मजदूरों की इन समस्याओं को राज्य व केंद्र सरकार द्वारा जल्द से जल्द सुना जाना चाहिए।
अनेकों विभागों और वर्गों से आए कर्मचारी व मजदूरों ने इस प्रदर्शन में अपना योगदान दिया। साथ ही सरकार द्वारा अपनाई जा रही गलत नीतियों का पुरजोर विरोध किया। विरोध प्रदर्शन के कार्यक्रम की अध्यक्षता मजदूर संघ के जिला अध्यक्ष विक्रम सिंह द्वारा की गई।
उनके साथ इस कार्यक्रम में प्रदेश के उपाध्यक्ष प्रोम्पी सिंह, जिला मंत्री आनंद सिंह, आईआर प्रभारी एसईसीएल महेंद्र पाल सिंह, सुहागपुर अध्यक्ष हरिराम होरी के साथ अन्य स्थानीय नेता मौजूद थे।
सरकार द्वारा अपनाया जा रहा निजीकरण मजदूर वर्ग के लिए समस्या बन चुका है। वहीं डीजल पेट्रोल और अन्य आवश्यक वस्तुओं के दाम में हुई बढ़ोतरी और महंगाई भी गरीब वर्ग की जीविका के लिए संकट बन चुकी है। प्रशासन द्वारा जल्द से जल्द मजदूर संघ की आवाज को सुना जाना चाहिए और उनकी समस्याओं को हल करना चाहिए।