क्षेत्र में हो रही लगातार बारिश से सामान्य जनजीवन अस्त व्यस्त हो चुका है। नदी नालियां उफान मार रहे हैं और बाढ़ की स्थिति पैदा हो गई है। यहां तक कि कई गांव का संपर्क भी टूट चुका है। अनूपपुर जिले का भी यही हाल है।
छत्तीसगढ़ की सीमा से लगा वेंकटनगर क्षेत्र पूरी तरह से जलमग्न हो चुका है। वेंकटनगर की सीमा से लगने वाली अलान और तिपान नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। जिससे नदी के किनारों पर लगी किसानों की फसलें बाढ़ में डूब चुकी हैं और बर्बाद हो गई हैं।
नदी नाले भर जाने की वजह से कई गांवों का संपर्क भी टूट चुका है। क्षेत्र में बिजली व्यवस्था भी चौपट हो गई है। वेंकट नगर के पास ही नदी में एक व्यक्ति के बह जाने की खबर भी सामने आई है। झाई ताल के पास तिपान नदी का पानी पुल के ऊपर से बह रहा है। बिगड़े हुए हालात को देखते हुए क्षेत्र के एसडीएम विजय डेहरिया ने पुल के दोनों तरफ सुरक्षाकर्मियों की तैनाती कर दी है और आवागमन पूरी तरह से बंद करा दिया है। साथ ही लोगों को घर में ही रहने की सलाह दी है।
वेंकटनगर के पास ही एक दुखद घटना भी सामने आई है। यहां तिपान नदी के कुटी घाट में एक व्यक्ति नदी में बह गया। व्यक्ति का नाम पवन केवट बताया जा रहा है जिसकी उम्र लगभग 50 वर्ष थी। पवन वेंकटनगर का रहने वाला था। उफनती हुई नदी को पार करने की जिद में वह नदी की धारा का सामना ना कर सका और बह गया। अभी तक पवन का कोई पता नहीं चल पाया है।
इतना ही नहीं बल्कि लगातार बारिश से खेती पर भी बुरा असर पड़ा है। क्षेत्र के कई खेत जलमग्न हो गए हैं और फसलें डूब चुकी है।
बारिश के कारण नदी का जलस्तर इतना बढ़ चुका है कि पानी मैदानी इलाकों में घुसने लगा है। यहां तक कि खेतों में बनाए गए किसानों के झोपड़े भी डूबने और ढहने लगे हैं। जैतहरी तहसील के एसडीएम विजय डेहरिया का कहना है कि स्थिति से निपटने की तैयारियां की जा रही हैं और बाढ़ से हुई फसल के नुकसान का भी जायजा लिया जा रहा है। बाढ़ में डूबे हुए युवक की तलाश भी की जा रही है। इन दो दिनों की बारिश ने लोगों के लिए बड़ी परेशानी पैदा कर दी है। उम्मीद है स्थिति जल्द ही सामान्य होगी।