शहडोल के धनपुरी नगर पालिका में पिछली बार चुनी गई परिषद द्वारा विभिन्न चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर महापुरुषों की मूर्तियां स्थापित की गई थी। इन मूर्तियों का निर्माण तो कर लिया गया था लेकिन इनका अनावरण हो पाता, इससे पहले ही परिषद का कार्यकाल खत्म हो गया और अनावरण का कार्यक्रम अधर में लटक गया।
तब से लेकर आज तक इन महापुरुषों की मूर्तियां अपने अनावरण और लोकार्पण का इंतजार कर रही हैं। तब के नगर पालिका अध्यक्ष रविंदर कौर छाबड़ा द्वारा इन मूर्तियों का निर्माण कराया गया था।
इनमें से पहली शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय धनपुरी के सामने स्वामी विवेकानंद की मूर्ति, दूसरी शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के सामने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की मूर्ति और तीसरी अमरकंटक रोड चीप हाउस में बिरसा मुंडा की मूर्ति शामिल है।
इन मूर्तियों को बने हुए कई साल गुजर चुके हैं और इस बीच इनकी कई बार जयंतिया और पुण्यतिथि भी मनाई जा चुकीं हैं लेकिन अभी तक मूर्तियों का आधिकारिक अनावरण नहीं हो सका है।
नगर परिषद का कार्यकाल खत्म होने के बाद से प्रदेश में विधानसभा चुनाव और फिर लॉकडाउन के कारण दोबारा चुनाव नहीं हो सके। नगर पालिका का प्रशासन फिलहाल जिला प्रशासन द्वारा चलाया जा रहा है।
पिछले विधानसभा चुनाव में जब राज्य में सत्ता परिवर्तन हुआ और कांग्रेस सरकार स्थापित हुई तब सरकार द्वारा एक प्रशासनिक समिति गठित की गई।
इसके तहत कलेक्टर को इन मूर्तियों के अनावरण करने की अनुमति के लिए आवेदन दिया गया था। लेकिन जानकारी है कि आवेदन में कुछ गलती होने की वजह से अनुमति प्राप्त नहीं हो सकी और फिर से मूर्तियों का अनावरण टल गया।
प्रभारी मंत्री रामखेलावन पटेल द्वारा यह भरोसा दिया गया है कि बहुत जल्दी इन प्रतिमाओं का अनावरण किया जाएगा और इस संबंध में भाजपा जिला अध्यक्ष और मुख्य नगरपालिका अधिकारी से बात करके कार्यक्रम की रूपरेखा बनाई जा रही है। उम्मीद है जल्द से जल्द इन मूर्तियों का आधिकारिक अनावरण हो सकेगा।