केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों के खिलाफ कांग्रेस ने गुरुवार को उमरिया के गांधी चौक में प्रदर्शन किया। आम सभा को संबोधित करते हुए मध्य प्रदेश कांग्रेस कांग्रेस कमेटी के महासचिव व पूर्व विधायक अजय सिंह ने केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार के काम और नीतियों पर प्रश्नचिन्ह उठाए।
उन्होंने कहा कि सरकार गरीब किसान और मजदूरों की बजाए उद्योगपतियों के प्रति निष्ठावान हैं। लगातार बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी से लोग परेशान हो रहे हैं। डीजल पेट्रोल, गैस, खाद्यान्न सभी के दाम दोगुने हो चुके हैं। सरकार की नीतियों के कारण ही आज देश में सबसे ज्यादा बेरोजगारी है।
पूर्व विधायक अजय सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार हर मोर्चे पर असफल साबित हुई है। केंद्र सरकार के नए कृषि कानून, लेबर कोर्ड, निजीकरण जैसे फैसलों ने आम आदमी की कमर तोड़ कर रख दी है। ग्रामीण इलाकों में घंटों की बिजली कटौती हो रही है। लोगों को पांच सात हजार रुपए के रोजगार के लिए हजारों मील दूर शहरों में भटकना पड़ रहा है। किसानों को उनकी फसलों का मुआवजा नहीं मिल रहा है। एक साल से भी ज्यादा के समय से किसान आंदोलन कर रहे हैं लेकिन सरकार उनकी बात नहीं सुन रही है। बल्कि लखीमपुर घटना का जिक्र करते हुए पूर्व विधायक ने सरकार पर किसानों की हत्या करने का भी आरोप लगा दिया।
कांग्रेस का कहना है कि सरकार को जल्द से जल्द महंगाई कम करने, लोगों को रोजगार दिलाने, कृषि कानून को वापस लेने की दिशा में त्वरित कार्यवाही करनी चाहिए। राज्य सरकार और केंद्र सरकार द्वारा विपक्ष की मांग नहीं मानी गई तो कांग्रेस देशव्यापी आंदोलन करने को मजबूर हो जाएगी। कांग्रेस के इस आंदोलन को काफी जनसमर्थन भी प्राप्त हुआ।