शहडोल में शनिवार को रेलवे बोर्ड नई दिल्ली के अतिरिक्त सदस्य यातायात और ट्रैफिक संजय सिंह गहलोत का आगमन हुआ। इस पद पर सेवा देने के पहले संजय सिंह गहलोत शहडोल में 1988-89 के दौरान सहायक क्षेत्रीय अधीक्षक के पद पर कार्यरत थे। दिल्ली बोर्ड में पदासीन होने के बाद शहडोल में उनके इस प्रथम आगमन पर बिलासपुर जोन रेलवे श्रमिक यूनियन के महामंत्री मनोज बेहरा द्वारा पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया गया।
इस मौके पर श्रमिक यूनियन के अन्य पदाधिकारी भी मौजूद थे। इस स्वागत कार्यक्रम के बाद यूनियन के माध्यम से रेल यात्रियों और रेल कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर 6 सूत्री ज्ञापन रेल विभाग को सौंपा गया। जिसमें रेल कर्मचारियों और रेल यात्रियों की समस्याओं और मांगों से अवगत कराया गया था।
श्रमिक यूनियन ने ज्ञापन में लिखित मांगों और शिकायतों के जल्द से जल्द निराकरण का आग्रह किया है। अपने शहडोल आगमन पर संजय सिंह गहलोत ने शहडोल रेलवे स्टेशन का दौरा भी किया और मौजूद अधिकारियों को गड़बड़ी और खामियां सुधारने के निर्देश दिए।
इस निरीक्षण में उनके साथ बिलासपुर जोन के प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक सैयद निशात अली, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक बिलासपुर पुलकित सिंगल सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे। साथ ही साथ रेलवे श्रमिक यूनियन की तरफ से महामंत्री मनोज कुमार बेहरा, सहायक महामंत्री एके महंती सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद थे। श्रमिक यूनियन द्वारा संजय सिंह के स्वगत की खासी तैयारियां की गई थी और रेल कर्मचारियों की मांग संबंधित ज्ञापन भी पहले से ही तैयार कर लिया गया था।
यूनियन द्वारा यह उम्मीद की जा रही है कि रेलवे विभाग जल्द से जल्द रेल कर्मचारियों की समस्याओं की ओर ध्यान देगा और उन्हें पूरा करने का प्रयास करेगा। रेल विभाग को भी इन मांगों पर निश्चित तौर पर कार्रवाई करनी चाहिए ताकि यात्रियों और कर्मचारियों को हो रही असुविधा में कमी लाई लाई जा सके और रेल यात्रा को सुगम बनाया जा सके।