अनूपपुर के रामनगर थाना के तहत एक कॉलोनी में रहने वाले संजय त्रिपाठी की पत्नी सौम्या त्रिपाठी की 17 जुलाई को अज्ञात हमलावरों द्वारा धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई थी। पहली जांच में पुलिस ने भी हत्या की पुष्टि की थी। घटना को तीन माह से भी ज्यादा का समय बीत चुका है लेकिन अभी तक पुलिस आरोपियों को पकड़ नहीं पाई है।
महिला के पति संजय त्रिपाठी द्वारा अनेकों बार पुलिस स्टेशन के चक्कर लगाए गए। महिला आयोग और यहां तक कि सीएम हेल्पलाइन में कई बार शिकायत दर्ज की गई। लेकिन अभी भी उन्हें न्याय नहीं मिल सका है। 17 जुलाई को संजय त्रिपाठी किसी काम से पेंड्रा गए हुए थे और उनकी मां कॉलरी में काम करने गई हुई थी। इसी बीच दोपहर को लगभग 2 से 4 बजे के मध्य सौम्या त्रिपाठी की हत्या कर दी गई थी।
पुलिस का कहना था कि मौके से ऐसे कोई भी सबूत नहीं मिले हैं जिससे आरोपियों की तलाश की जा सके। मृतक महिला के पति संजय त्रिपाठी से वोकल न्यूज़ शहडोल ने बात की है। जिसमें संजय त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस विभाग द्वारा बड़ी सुस्ती से काम लिया जा रहा है और अभी तक अपराधियों को पकड़ा नहीं गया है। उनके द्वारा लगातार शिकायतें और आवेदन दिए जा रहे हैं लेकिन कोई भी कार्यवाही नहीं हो रही है।
उन्होंने बताया कि घटना के समय महिला द्वारा पहने गए जेवर और कुछ रुपए भी गायब थे, जिससे ऐसी आशंका जताई गई थी कि हत्या लूटपाट के इरादे से की गई है। लेकिन स्थिति अभी भी स्पष्ट नहीं हो पाई है कि इस घटना को अंजाम किसने दिया था। संजय त्रिपाठी की मांग है कि इस हत्याकांड की उच्च स्तरीय जांच कराई जानी चाहिए और जल्द से जल्द दोषियों को पकड़ कर उनके खिलाफ दंडात्मक कार्यवाही की जानी चाहिए।
संजय ने बताया कि बुधवार को वे पूरे परिवार सहित अनूपपुर पुलिस अधीक्षक से मिलकर उनके पास अपनी शिकायत दर्ज कराएंगे और कार्यवाही करने की मांग करेंगे। उम्मीद करते हैं कि पुलिस विभाग इस मामले में जल्द किसी निर्णायक मोड़ पर पहुंचेगा और अपराधियों को पकड़ा जा सकेगा।