अनूपपुर जिले में निर्वाचन आयोग के निर्देश पर बिजुरी नगर पालिका के परिसीमन का सर्वेक्षण कार्य संपन्न कर लिया गया है। परिसीमन का सर्वेक्षण करते हुए 5 नए वार्डों का गठन करने का फैसला लिया गया है और यह नए 5 वार्ड बिजुरी नगर पालिका में जोड़े जाएंगे।
अभी तक बिजुरी नगरपालिका में कुल मिलाकर 15 वार्ड ही आते थे लेकिन इस नए परिसीमन के बाद और 5 वार्डों के जोड़े जाने के बाद बिजुरी नगर पालिका में कुल 20 वार्ड हो जाएंगे और उसी के साथ बिजुरी नगर पालिका जिले की सबसे बड़ी नगरपालिका बन जाएगी।
जानकारी के अनुसार क्षेत्रफल और जनसंख्या के आधार पर वार्डों के परिसीमन किए जा रहे हैं। इसी के चलते यह बदलाव हो रहे हैं। खबर यह भी है कि परिसीमन के सर्वेक्षण तक अनूपपुर जिले की सबसे बड़ी नगर पालिका पसान कही जाती रही है। पसान नगर पालिका में कुल 18 वार्ड हैं। परिसीमन के बाद बिजुरी नगर पालिका में 5 वार्ड जोड़े जाएंगे और यहां के वार्डों की संख्या 20 हो जाएगी।
परिसीमन की यह सर्वेक्षण रिपोर्ट परिषद की बैठक में पेश की जाएगी और सहमति मिलने के बाद इसे अगली कार्यवाही के लिए कलेक्टर ऑफिस भेजा जाएगा। कलेक्टर ऑफिस से दावा आपत्ति का समय दिए जाने के बाद ही इस परिसीमन रिपोर्ट पर निर्णय लिया जाएगा।
इस पूरे मामले पर बिजुरी नगर पालिका अध्यक्ष पुरुषोत्तम सिंह का कहना है कि परिसीमन और सर्वेक्षण का कार्य अभी भी जारी है और इस पूरी प्रक्रिया में अभी दो-तीन महीने का समय और लगेगा इसके बाद ही यह रिपोर्ट नगर परिषद और फिर कलेक्टर ऑफिस को भेजी जाएगी और उस पर कार्यवाही होगी। लेकिन माना यह जा रहा है कि परिसीमन सर्वेक्षण की रिपोर्ट स्वीकार कर ली जाएगी और बिजुरी नगर पालिका अनूपपुर जिले की सबसे बड़ी नगरपालिका बन जाएगी।