IPL में बुधवार को कोलकाता और मुंबई इंडियंस के बीच मुकाबले में इस सीजन अपना पहला मैच खेल रहे पैट कमिंस ने तहलका मचा दिया। उन्होंने सिर्फ 15 गेंद में 56 रन बना दिए। 16वें ओवर में तो उनके बल्ले से 35 रन निकले। उनका स्ट्राइक रेट 373.33 का था। इस कंगारू खिलाड़ी ने मैच में 4 चौके और 6 छक्के लगाए। उनकी 56 रन की पारी में 52 रन चौके-छक्के से आए।
कमिंस ने अर्धशतक तो सिर्फ 14 गेंदों में बना दिए थे। इसी के साथ ऑस्ट्रेलिया के इस खिलाड़ी ने केएल राहुल के 4 साल पुराने रिकॉर्ड की भी बराबरी कर ली है। राहुल ने 2018 IPL में पंजाब की ओर से खेलते हुए दिल्ली के खिलाफ 14 गेंदों पर फिफ्टी जमाई थी। ये IPL इतिहास की सबसे तेज फिफ्टी थी। कमिंस ने भी मुंबई के खिलाफ 14 गेंद में पचासा जड़ा।