मणिपुर के थौबल जिले में अज्ञात लोगों ने एक भाजपा नेता की गोली मारकर हत्या कर दी।
एक पुलिस अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि भाजपा की राज्य इकाई के पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ के संयोजक लैशराम रामेश्वर सिंह की सुबह उनके आवास के गेट के पास हत्या कर दी गई।
पुलिस ने आगे जानकारी दी कि अज्ञात व्यक्ति बिना रजिस्ट्रेशन प्लेट वाली एक कार में आए और उन पर काफी करीब से गोली चला दी।
50 वर्षीय रामेश्वर सिंह को गोली लगने के बाद अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। तो वहीं, मुख्य आरोपी ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया, जबकि एक अन्य व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया।
वहीं, बीजेपी मणिपुर ने रामेश्वर सिंह की हत्या पर दुख जताया है। राज्य इकाई ने ट्वीट करके कहा, पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ के राज्य संयोजक एल रामेश्वर सिंह की हत्या के बारे में जानकर दुख हुआ। हम इस अमानवीय घटना की कड़ी निंदा करते हैं।