पश्चिम बंगाल के बैरकपुर से भाजपा सांसद अर्जुन सिंह ने तृणमूल कांग्रेस का दामन थाम लिया है। अर्जुन सिंह ने TMC महासचिव अभिषेक बनर्जी के सामने पार्टी की सदस्यता ली। सिंह बंगाल भाजपा के वाइस प्रेसिडेंट भी थे, वह 2019 चुनाव से पहले भाजपा में आए थे और बैरकपुर से सांसद बने थे। सिंह बंगाल विधानसभा में भाटपारा से 4 बार विधायक रह चुके हैं। पिछले 11 महीने में बंगाल भाजपा के 5 बड़े नेता पार्टी छोड़ चुके हैं।
भाजपा पर तंज कसते हुए अर्जुन सिंह ने कहा- AC कमरों में बैठकर राजनीति नहीं की जा सकती। इसके लिए आपको लोगों के बीच पहुंच बनानी होगी, जिस राजनीतिक दल में दूसरे की तरफ उंगली दिखाने की कोशिश की जाती है, उसी भाजपा में TMC के 2 सांसद आज भी वहीं हैं, जिन्होंने इस्तीफा नहीं दिया है। मैं उनसे निवेदन करूंगा कि वे दोनों सांसद इस्तीफा दें।
अर्जुन सिंह पिछले 6 महीने से लगातार साइड लाइन होने की वजह से नाराज चल रहे थे। सिंह की अभिषेक बनर्जी से मुलाकात की खबर के बाद भाजपा उन्हें मनाने के लिए एक्टिव हुई, लेकिन सूत्रों का कहना है कि उन्होंने हाईकमान का फोन रिसीव नहीं किया।