आजादी के 75 साल बाद भी देश का एक वर्ग ऐसा है जिसे लोग उसकी जाति की वजह से प्रताड़ित करते हैं। उन्हें अनछुआ मानते हैं। कई बार ऊंची जाति के लोग अनुसूचित जाति के लोगों को बुरा-भला कहकर बेज्ज़त भी करते हैं।
भारत में लोगों को जातिसूचक शब्द से संबोधित करना कोई नया चलन नहीं है। देश के कई इलाकों में जाति सूचक शब्द से संबोधित करने की वजह से लोगों के खिलाफ मुकदमे तक दर्ज होते हैं या फिर मारपीट होती है, यही नहीं कई बार तो गोलियां भी चल जाती है।
अगर किसी दलित व्यक्ति को अपमानित करने के लिए यूज किए जाने वाले शब्द को वो एक कारोबारी आईडिया बना ले और उसका एक ब्रांड बना ले तो आपको सुनने में कैसा लगेगा?
देश में दलितों के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले शब्द चमार का प्रयोग कर मुंबई के धारावी में एक युवक ने चमार स्टूडियो शुरू किया। आज सुधीर का चमार ब्रांड देश के साथ साथ विदेशों में भी सफल हो रहा है।

इस ब्रांड के अंतर्गत सुधीर बैग और बेल्ट बनाते हैं। इस ब्रांड की खास बात ये है कि ये इको फ्रेंडली और हैंडमेड हैं। यानी हाथ से बनाया जाता है। आपको बता दें राजभर ने साल 2018 में चमार स्टूडियो की शुरुआत की थी।
उन्होंने कहा कि मैंने मुंबई में अधिकतर दलित मोची के साथ काम की शुरुआत की। वो फुटपाथ पर अपना स्टॉल लगाकर काम करते हैं। जब धीरे-धीरे चमार स्टूडियो का काम बढ़ने लगा तो धारावी की कुछ टेनरी में लेदर के क्राफ्ट्समैन से उनकी मुलाकात हुई।

आपको बता दें राजभर के चमार ब्रांड के लेदर प्रोडक्ट्स की कीमत 1500 रुपए से लेकर 6000 तक है।
34 साल के सुधीर उत्तर प्रदेश के जौनपुर से संबंध रखते हैं लेकिन वो जौनपुर बहुत ही कम आते जाते हैं।
उनका पालनपोषण मुंबई में हुआ और मुम्बई से ही उन्होंने ड्राइंग और पेंटिंग में बैचलर डिग्री प्राप्त की। सुधीर जब भी अपने गांव जाते तो लोग उन्हें ‘भर’ और ‘चमार’ कह कर चिढ़ाते थे।
ये शब्द एक तरह से अपमान के रूप में प्रयोग किये जाते थे। समय के साथ साथ सुधीर ने खुद से एक वादा किया कि वो इस शब्द के प्रति सम्मान वापस लाएंगे। इसके लिए उन्होंने वही काम चुना जिससे इस जाति के लोगों की पहचान है, यानी की चमड़े का काम।

शुरुआत में सुधीर कपड़े के बैग बनाते थे लेकिन फिर उन्होंने चमार शब्द के सम्मान को लोगों के बीच लाने का फैसला किया। चमार ब्रांड से लोगों को ये समझाने में आसानी हो रही है कि चमार कोई जाति नहीं बल्कि एक पेशा था और एक पेशा है।
सुधीर के चमार ब्रांड के प्रोडक्ट छोटे स्टोर सहित कई बड़े शोरूम में उपलब्ध है। यही नहीं चमार ब्रांड ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर भी उपलब्ध है।
आपको जानकर हैरानी होगी कि सुधीर के चमार ब्रांड के प्रोडक्ट अमेरिका, जर्मनी और जापान में भी बिकते हैं। यही नहीं सुधीर जल्द ही इसका स्टोर भी खोलने वाले हैं।