प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही गुजरात का तीन दिवसीय दौरा किया था। इस दौरान आणंद जिले में एक रैली को उन्होंने संबोधित किया था, जहां उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू का नाम लिए बगैर कांग्रेस पर निशाना साधा था। इसके बाद कांग्रेस ने भी पलटवार किया।
कश्मीर मुद्दे पर नेहरू की आलोचना को लेकर कांग्रेस ने मोदी पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि उन्होंने एक बार फिर असली इतिहास मिटा दिया और भारत के पहले प्रधानमंत्री को बदनाम करने के लिए तथ्यों की अनदेखी की है। इस बीच कानून मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि भारत अभी भी नेहरू की ‘मूर्खता की कीमत’ चुका रहा है। इसी कड़ी में रिजिजू ने ट्विटर पर कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश पर पलटवार किया। उन्होंने ट्वीट कर कहा, यह एतिहासिक झूठ है कि महाराजा हरि सिंह ने कश्मीर के भारत में विलय के सवाल को टाल दिया था। कश्मीर मुद्दे में नेहरू की संदिग्ध भूमिका रक्षा के लिए ये झूठ लंबे समय से चला आ रहा है।