कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा पर शुरुआत से ही भाजपा हमलावर है। वहीं, अब गुजरात भाजपा प्रमुख सीआर पाटिल ने भी तंज कसा है। उन्होंने सोमवार को भाजपा कार्यकर्ताओं के सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि एक तरफ कांग्रेस देश भर में भारत जोड़ो यात्रा निकाल रही है, वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस के नेता पार्टी से निकल रहे हैं।
इस दौरान उन्होंने कांग्रेस की यात्रा को गुजरात के बाहर से लेकर जाने को लेकर भी कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के दिल में गुजरात के लिए जगह नहीं है। इसका साफ सबूत है कि कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा गुजरात से बाहर हो रही है।
CR पाटिल ने अपने संबोधन में राहुल गांधी का नाम लिए बगैर कहा कि कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद भारत जोड़ो यात्रा निकालते हैं, लेकिन गुजरात को किनारे कर देते हैं। ऐसा इसलिए है क्योंकि उनके दिल में गुजरात के लिए कोई जगह नहीं है। इस कारण ही वह यहां नहीं आना चाहते।