IPL इतिहास की सबसे सफल टीम मुंबई इंडियंस के लिए 2022 का यह सीजन किसी बुरे सपने से कम नहीं रहा है। टीम ने अब तक 8 मैच खेले हैं और सभी मुकाबले हारे हैं। इसके साथ ही मुंबई IPL इतिहास की पहली टीम बन गई है, जिसने शुरुआती 8 मैच हारे हैं। हार के साथ ही मुंबई का प्लेऑफ में पहुंचना अब न के बराबर है।8 मुकाबलों में 0 अंकों के साथ पॉइंट्स टेबल में मुंबई सबसे नीचे 10वें स्थान पर बनी हुई है।
टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने सोशल मीडिया पर मुंबई के फैंस के लिए एक इमोशनल पोस्ट किया है। रोहित ने ट्वीट कर लिखा- हमने इस टूर्नामेंट में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं किया है, लेकिन ऐसा होता है। खेल की दुनिया के कई दिग्गज इस तरह के फेज से निकले हैं, लेकिन मैं अपनी टीम और इसके माहौल से काफी प्यार करता हूं। मैं हमारे शुभचिंतकों का भी शुक्रिया करना चाहता हूं, जिन्होंने हम में विश्वास दिखाया और टीम के प्रति अटूट निष्ठा दिखाई।