4 दिसम्बर को पंजाब के फतेहगढ़ साहिब जिले में इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई थी।
दरअसल फ़तेहगढ़ साहिब जिले के राजेंद्रगढ़ गांव के पास एक ट्रक का एक्सीडेंट हो गया था। ट्रक सेब की पेटियों से लदा हुआ था और इस हादसे में ड्राइवर घायल हो गया।
सड़क हादसे के बाद सेब की पेटियां सड़कों पर बिखर गईं थीं। इस घटना में हैरानी की बात ये रही कि एक तरफ जहां ड्राइवर ज़ख्मी हालत में तड़पता रहा, दूसरी तरफ लोग उसकी मदद करने के बजाए सेब की 1200 पेटियां लूट ले गए।
किसी भी सड़क दुर्घटना में वहां मौजूद लोग सबसे पहले वाहन में सवार लोगों की सुध लेते हैं। ये इंसानियत है लेकिन इंसानीयत उस समय शर्मसार हो जाती है जब लोग दुर्घटना की चपेट में आए शख्स को छोड़ उसके सामान की चोरी करने लगें। यहां पर बिल्कुल ऐसा ही हुआ था।
आपको बता दें दुर्घटना में घायल ट्रक ड्राइवर ने फतेहगढ़ साहिब पुलिस थाना में सेब की 1200 पेटियों के लूटे जाने की शिकायत की। जिसके बाद इस मामले में केस दर्ज कर लिया गया। इस बेहद शर्मनाक घटना के बीच एक अच्छी खबर भी सामने आई है।
आपको बता दें इस घटना का वीडियो जैसे ही सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो सोशल मीडिया से लेकर स्थानीय मीडिया और पंजाबवासियों ने इस घटना की निंदा की और ऐसा करने वालों की आलोचना करते हुए और उन्हें गिरफ्तार करने की मांग भी की।
यहां बात केवल निंदा तक ही सीमित नहीं रही बल्कि दो पंजाबी अपने पूरे प्रदेश के ऊपर उठाए जा रहे सवाल का जवाब देने और नुकसान झेलने वाले व्यापारी की मदद के लिए आगे आए और इस नुकसान की भरपाई की।
इसके साथ ही फतेहगढ़ साहिब पुलिस द्वारा लाखों रुपये के सेब चोरी करने के मामले में 10 लोगों को गिरफ्तार भी कर लिया गया।
वहीं, पटियाला के राजविंदर सिंह और मोहाली के गुरप्रीत सिंह ने कश्मीर के बारामुला जिला के सेब व्यापारी को 9 लाख 12 हजार 543 रुपये का चेक दिया। उन्होंने व्यापारी को ये चेक फतेहगढ़ साहिब के SSP डॉ. रवजोत ग्रेवाल की मौजूदगी में सौंपा।

SSP ने इस संबंध में कहा कि मानवता को शर्मसार करने वाली इस घिनौनी घटना के बाद पुलिस द्वारा बनाई गई विभिन्न टीमों ने अब तक 10 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। दो लोगों को नामजद किया गया है।
आपको बता दें व्यापारी को उनके नुकसान की भरपाई के बदले लाखों का चेक देने वाले राजविंदर सिंह और गुरप्रीत सिंह समाजसेवी हैं।
उन्होंने बताया कि ट्रक से सेब लूटने वाली इस शर्मसार घटना ने उन्हें आहत किया। इस घटना से पूरे पंजाब का भाईचारा बदनाम हो रहा था।
वहीं सेब व्यापारी ने कहा कि पंजाब में लोगों की मदद के बारे में देखा और सुना जरूर था लेकिन चोरी के लिए ऐसी पहली घटना घटी तो मन को बहुत बड़ी ठेस पहुंची थी। पहली बार ऐसा लगा कि पंजाबी ऐसे भी होते हैं। लेकिन आज इन भाइयों ने हमारी मदद कर दी है जिसके लिए वो पंजाब के शुक्रगुजार हैं।