चॉकलेटी बॉय और लवर ब्वॉय के नाम से बॉलीवुड में मशहूर एक्टर कार्तिक आर्यन 22 नवंबर को 32वां जन्मदिन मना रहे हैं। मध्यप्रदेश के शहर ग्वालियर में एक्टर का जन्म हुआ था। एक्टर की पर्सनालिटी और किलर स्माइल पर लाखों लड़कियां अपना दिल हारती हैं।
कार्तिक आर्यन ने पढ़ाई के साथ-साथ मॉडलिंग की दुनिया में कदम रखा। जन्मदिन के इस मौके पर हम एक्टर की लाइफ से जुड़े कुछ अनसुने किस्से के बारे में बात कर रहे हैं जो शायद ही आपको पता होंगे।
आपको बता दें कार्तिक आर्यन का पूरा नाम कार्तिक तिवारी है। एक्टर ने फिल्मों में आने के लिए अपने सरनेम में बदलाव किया और तिवारी हटाकर आर्यन कर लिया। इस नाम से आज वो पूरी दुनिया में छाए हुए है। इंडिया के अलावा विदेशों में भी उनकी अच्छी फैन फॉलोइंग है।
आपको बता दें कार्तिक आर्यन ने अपने करियर की शुरुआत साल 2011 में की थी। उनकी पहली फिल्म प्यार का पंचनामा थी। कार्तिक के बारे में इस फिल्म को लेकर एक विषय पर खूब चर्चा हुई।
कार्तिक का बैकग्राउंड फिल्मी नही था इसके बावजूद
दरअसल इस फिल्म में कार्तिक ने लगभग 5 मिनट बिना रुके डायलॉग बोला था, जिसकी चर्चा आज भी होती है। आपको बता दें ये फिल्म पर्दे पर हिट साबित हुई थी। कार्तिक का या फिर उनके परिवार का कोई फिल्मी बैकग्राउंड नहीं था। उसके बावजूद कार्तिक आर्यन ने बॉलीवुड इंडस्ट्री में अपनी खास पहचान बनाई है।
कार्तिक के लिए इस मुकाम तक पहुंचना इतना आसान भी नहीं था। दरअसल कार्तिक आर्यन ने खुलासा किया था कि चाहे आज उनके पास फिल्मों की लाइन लगी रहती हो, लेकिन एक समय ऐसा भी था जब उन्हें छोटे-मोटे ऑडिशंस तक में रिजेक्ट कर दिया जाता था।
12 लोगो के साथ करते थे रूम शेयर
कार्तिक के अनुसार जब वो मुंबई में फिल्मों में काम की तलाश के लिए निकले तब सब कुछ बहुत अलग था। कार्तिक ने बताया था कि उनके पास पैसे नहीं हुआ करते थे और वो अक्सर नवी मुंबई से मुंबई तक लोकल ट्रेन में बिना टिकट सफर किया करते थे। यही नहीं स्ट्रगल के दिनों में कार्तिक लगभग 12 लोगों के साथ रूम शेयर करके रहते थे।

अपने शुरुआती दिनों में कार्तिक आर्यन ने किसी डियोड्रेंट के लिए ऑडिशन दिया था, जिसमें उन्हें रिजेक्शन का सामना करना पड़ा था। दरअसल, कार्तिक आर्यन को इस डियोड्रेंट के ऑडिशन के लिए अंदर भी नहीं जाने दिया था, उन्हें बाहर से देखकर ही रिजेक्ट कर दिया गया था।
कार्तिक को तीन साल तक चले ये रिजेक्शन बुरे लगते थे, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और प्रयास जारी रखा। कड़ी मेहनत के बाद कार्तिक को साल 2011 में एक्टिंग का मौका मिला और उन्होंने ‘प्यार का पंचनामा’ फिल्म में अपनी एक्टिंग का दमखम दिखाया।
इसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। इस समय भी कार्तिक के पास कई फिल्में हैं, जिनमें ‘फ्रेडी’ और ‘शहजादा’ का नाम शामिल है।