आम आदमी पार्टी के पूर्व नेता और कवि कुमार विश्वास के घर पर पंजाब की पुलिस पहुंची है। सुबह-सुबह पुलिस के पहुंचने की जानकारी कुमार विश्वास ने खुद ट्वीट करके दी है। अपने ट्वीट में कुमार विश्वास ने लिखा, सुबह-सुबह पंजाब पुलिस द्वार पर पधारी है।एक समय, मेरे द्वारा ही पार्टी में शामिल कराए गए भगवंत मान को आगाह कर रहा हूं कि तुम, दिल्ली में बैठे जिस आदमी को, पंजाब के लोगों की दी हुई ताक़त से खेलने दे रहे हो वो एक दिन तुम्हें व पंजाब को भी धोखा देगा। देश मेरी चेतावनी याद रखे।
पंजाब चुनाव के दौरान कुमार विश्वास के कई बयान जो उन्होंने केजरीवाल और पार्टी के खिलाफ दिए थे काफी सुर्खियों में रहे थे और खासा बवाल भी हुआ था। उन्होंने आप संयोजक अरविंद केजरीवाल पर आरोप लगाया था कि उन्होंने देश को तोड़ने की बात की थी। पंजाब पुलिस की तरफ से अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी के खिलाफ बयानबाजी करने वाले नेताओं के खिलाफ लगातार केस दर्ज हो रहे हैं। कुमार विश्वास से पहले दिल्ली भाजपा नेता तेजिंदर सिंह बग्गा, नवीन कुमार जिंदल और प्रीति गांधी पर भी केस दर्ज हो चुके हैं।