रामनवमी के मौके पर रविवार को देश के चार अलग-अलग राज्यों से हिंसा की खबरें सामने आईं। राजधानी दिल्ली की जवाहर लाल नेहरू यूनिवर्सिटी में ABVP और लेफ्ट के छात्रों के बीच मारपीट की घटना देखने को मिली। गुजरात, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल और झारखंड में कई जगह सांप्रदायिक झड़प हुई। रामनवमी की शोभायात्रा पर पथराव की खबरे भी सामने आई।
इन घटनाओ पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने अपने ट्वीट में कहा, “”नफरत, हिंसा और अलगाव हमारे प्यारे देश को कमजोर कर रहे हैं। भाईचारे, शांति और सद्भाव की ईंटों से प्रगति का मार्ग तैयार करना होगा।” राहुल गांधी ने कहा कि हमें एक न्यायपूर्ण, समावेशी भारत को सुरक्षित करने के लिए एक साथ खड़ा होना होगा।
मध्य प्रदेश के खरगोन में हुई हिंसा में कुछ पुलिसकर्मियों सहित 20 से अधिक लोग घायल हो गए।इस पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश की धरती पर दंगाइयों के लिए कोई स्थान नहीं है।यह दंगाई चिन्हित कर लिए गए हैं, इनको छोड़ा नहीं जाएगा। उनके खिलाफ कठोरतम कार्यवाही की जायेगी।