राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने IIT Guwahati में विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। उन्होंने वर्चुअली इन परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इनमें प्रमुख रूप से राष्ट्रीय सुपरकंप्यूटिंग मिशन के तहत सुपरकंप्यूटर सुविधा, ‘परम कामरूप’ का उद्घाटन और IIT गुवाहाटी में उच्च शक्ति वाले माइक्रोवेव घटकों के डिजाइन और विकास के लिए एक प्रयोगशाला शामिल है।
मुर्मू ने असम में धुबरी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल का भी उद्घाटन किया और डिब्रूगढ़ और जबलपुर, मध्य प्रदेश में नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी के क्षेत्रीय संस्थानों की आधारशिला रखी।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ज्ञान-आधारित समाज तथा देश की समस्याओं के प्रौद्योगिकी आधारित समाधान के महत्व को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल दिया। साथ ही इस संदर्भ में उच्च शिक्षण संस्थानों की भूमिका को भी रेखांकित किया। राष्ट्रपति गुरुवार को भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, गुवाहाटी से केंद्र और राज्य की विभिन्न परियोजनाओं का डिजिटल तरीके से उद्घाटन करने और आधारशिला रखने के बाद बोल रही थीं।