आज कल कोई न कोई ऐसी घटना हो ही जाती है जहां पर इंसानियत भुला दी जाती है। दरअसल पंजाब के फतेहगढ़ साहिब से इंसानियत को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है।
आपको बता दें फतेहगढ़ साहिब जिले के राजेंद्रगढ़ गांव के पास एक ट्रक दुर्घटनाग्रस्त हो गया और ड्राइवर बुरी तरह जख्मी हो गया। ट्रक सेब की पेटियों से लदा था और एक्सिडेंट के बाद सेब की पेटियां बिखर गई। लेकिन हैरानी की बात ये है कि वहां आने जाने वाले लोग जख्मी ड्राइवर की मदद के बजाय सेब की 1200 पेटियां उठाकर ले गए।
मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने सेब की पेटियां उठाते लोगों की तस्वीरें भी क्लिक की, जो सोशल मीडिया पर स्थानीय पुलिस ने साझा किया है।
हादसे में जख्मी हुए ट्रक के ड्राइवर ने स्थानी पुलिस स्टेशन में सेब की 1200 पेटियों के चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई है। फतेहगढ़ साहिब पुलिस ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से ट्वीट कर बताया कि इस मामले में एक FIR दर्ज कर ली गई है।
पुलिस ने बताया कि कल ट्रक के दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों और राहगीरों ने सेब की पेटियां चोरी कर ली। पुलिस ने कहा कि जिसने भी पेटियां चोरी किए हैं उनकी तलाश की जा रही है और उनके खिलाफ जरूरी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मामले की गंभीरता और नुकसान को देखते हुए जिला पुलिस ने सेब चोरी करने वालों की पहचान और तलाश शुरू कर दी है। इसके लिए तस्वीरों की मदद ली जा रही है। जख्मी ट्रक ड्राइवर ने पुलिस से गुहार लगाई है कि उनके नुकसान की भरपाई की जाए।

ट्रक एक्सिडेंट के बाद ड्राइवर बुरी तरह से घायल हो गया और बाद में उसे अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया था।
आपको बता दें फतेहगढ़ साहिब पुलिस ने एक तस्वीर भी साझा की है, जिसमें देखा जा सकता है कि सड़क किनारे ही ट्रक पलटी हुई है और लोग सेब की पेटियां लूट रहे हैं। एक बुजुर्ग को भी देखा जा सकता है जो मुस्कुराते हुए सेब की एक पेटी ले जा रहे हैं।
उनके पीछे एक और शख्स को देखा जा सकता है, जिसने शॉल डाला हुआ है और एक पेटी बगल में दबाए हुए हैं। वहीं और लोग ट्रक के नजदीक और आसपास सेब की पेटियां उठाते देखे जा सकते हैं।
भले ही पुलिस ने FIR दर्ज कर ली हो और लोगों को ढूंढा जा रहा हो लेकिन ऐसी शर्मनाक घटना के सामने आने के बाद ऐसा लगता है कि ऐसे लोग हमारे समाज में एक धब्बे की तरह हैं। जहां पर घायल ड्राइवर को तड़पता छोड़ कर सेब की पेटियां लूट कर ले जा रहे हैं।