भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी BCCI को नया अध्यक्ष मिल चुका है। रोजर बिन्नी बीसीसीआई के नए अध्यक्ष चुने गए हैं। उन्हें निर्विरोध इस पद के लिए चुना गया। अध्यक्ष चुने जाने के बाद रोजर बिन्नी की पहली प्रतिक्रिया भी सामने आई है।
उन्होंने कहा- बीसीसीआई अध्यक्ष होने के नाते मैं मुख्य रूप से दो चीजों पर ध्यान देना चाहता हूं। सबसे पहले खिलाड़ियों की चोटों की रोकथाम जरूरी है। खिलाड़ियों की फिटनेस कैसे इम्प्रूव की जाए, इस पर ध्यान दिया जाएगा। जसप्रीत बुमराह वर्ल्ड कप से ठीक पहले चोटिल हो गए, जिससे पूरा प्लान प्रभावित होता है। दूसरा मैं देश की पिचों पर ध्यान देना चाहता हूं।
सौरव गांगुली ने भी दी प्रतिक्रिया
वहीं, BCCI अध्यक्ष पद से हटने के बाद सौरव गांगुली की भी पहली प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने कहा- मैं रोजर बिन्नी को शुभकामनाएं देता हूं। नया दल बोर्ड को आगे ले जाने का काम करेगा। बीसीसीआई अच्छे हाथों में है। भारतीय क्रिकेट मजबूत है इसलिए मैं उन्हें शुभकामनाएं देता हूं।