पाकिस्तान की तरफ से एक बार फिर ऐसा बयान आया है जो अमेरिका को नाराज कर सकता है।

अमेरिका की ऑफिशियल विजिट पर वॉशिंगटन पहुंचे पाकिस्तान के नए फाइनेंस मिनिस्टर इशाक डार ने कहा- पाकिस्तान भी रूस से ईंधन यानी फ्यूल खरीदना चाहता है, लेकिन हम चाहते हैं कि रूस की व्लादिमिर पुतिन सरकार हमें उसी रेट पर ऑयल सप्लाई करे, जिस कीमत भारत ने यह खरीदा है।

फरवरी में रूस-यूक्रेन जंग शुरू होने के बाद भारत ने रूस से काफी कम दाम पर क्रूड ऑयल खरीदा है।
अमेरिका ने इस पर काफी आपत्ति जताई थी। भारत के विदेश मंत्री जयशंकर ने अमेरिकी विरोध को खारिज करते हुए कहा था- यूरोप एक दिन में जितना ऑयल और गैस रूस से खरीदता है, हम उतना एक महीने में भी नहीं खरीदते।

आपको बता दें की पाकिस्तान इस समय बेहद मुश्किल में फसा पड़ा है। जैसे इशाक डार ने अक्टूबर की शुरुआत में ही वित्त मंत्री का पद संभाला है। इसके पहले मिफ्ताह इस्माइल फाइनेंस मिनिस्टर थे।

उनके दौर में पाकिस्तान की इकोनॉमी बेहद खस्ताहाल हो गई थी। आज पाकिस्तान के पास सिर्फ 8 अरब डॉलर का फॉरेन रिजर्व है। बहुत जल्द सर्दियां शुरू होने वाली हैं और इस दौरान फ्यूल की खपत करीब-करीब दोगुनी हो जाती है।
वॉशिंगटन में मीडिया ने इसी के मद्देनजर डार से सवाल किया कि क्या पाकिस्तान भी रूस से सस्ता तेल खरीदना चाहता है।

इसके जवाब में डार ने कहा- भारत ने जब रूस से ऑयल खरीदा तो पश्चिमी देशों ने कोई विरोध नहीं किया। पाकिस्तान की इकोनॉमी बेहद मुश्किल दौर से गुजर रही है।
अगर रूस हमें भी उसी दाम पर तेल देता, जिस कीमत पर उसने भारत को दिया तो बेहतर होगा। मुझे उम्मीद है कि पश्चिमी देशों को ऐतराज नहीं होगा।

डार ने एक बार फिर मुल्क में आर्थिक बदहाली का राग अलापा। कहा- आप देख सकते हैं कि पाकिस्तान में पिछले दिनों आई बाढ़ से किस कदर तबाही हुई है। दुनिया को भी ये देखना चाहिए।