ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर से 287 KM और मयूरभंज जिला मुख्यालय से 82 KM दूर रायरंगपुर के महुलडीहा गांव में चहल-पहल है। करीब 6,000 की आबादी वाले इस गांव में हर किसी के चेहरे पर मुस्कान और गर्व साफ झलक रहा है। गांव के चारों तरफ सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त हैं। मंगलवार शाम तक सामान्य रहने वाले गांव का जोश अब देखते ही बनता है। इसका कारण हैं द्रौपदी मुर्मू। BJP नीत NDA ने जैसे ही उनको राष्ट्रपति का उम्मीदवार घोषित किया, बधाई देने वालों का तांता लग गया।
आयरन ओर (लौह अयस्क) के लिए मशहूर रायरंगपुर तहसील से 25 KM दूर बढ़ते ही एक पक्की सड़क मिलती है, जो सीधे महुलडीहा गांव पहुंचाती है। यहां पहुंचने के रास्ते में बीच-बीच में जंगल भी है। चारों तरफ सुरक्षाकर्मी खड़े नजर आए। ग्रामीण भी उत्साहित होकर बाहर से आने वाले मीडियाकर्मियों और लोगों का गर्मजोशी से स्वागत करते दिखे। गांव में कुछ मकान कच्चे हैं, कुछ पक्के। यहां मूलभूत सुविधा की कोई कमी नहीं है। पूरा गांव डिजिटल सुविधाओं से लैस है।