T20 वर्ल्ड कप 2022 में श्रीलंका का सफर सुपर 12 में ही थम गया। इंग्लैंड के खिलाफ आखिरी मुकाबला हारते ही टीम के घर वापसी का टिकट कट गया, लेकिन सिर्फ इतने पर ही इस टीम की मुश्किलें कम नहीं हुई।
इसके बाद श्रीलंकाई टीम के एक खिलाड़ी दनुष्का गुनाथिलका को रेप के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है। खबर है कि श्रीलंकाई टीम बगैर गुनाथिलका के ही घर वापस लौटी है। गुनाथिलका को सिडनी में गिरफ्तार किया गया है।
टी 20 वर्ल्ड कप में श्रीलंका की टीम ने अपने सफर का अंत सुपर 12 में चौथे नंबर पर रहते हुए खत्म किया। उसके हार के साथ ही ऑस्ट्रेलिया की टीम भी टूर्नामेंट से बाहर हो गई।
दरअसल ऑस्ट्रेलिया की उम्मीदें भी इंग्लैंड पर श्रीलंका की हार और जीत से जुड़ी थी।
इंग्लैंड से हार के बाद दनुष्का गुनाथिलका के गिरफ्तारी की खबर से श्रीलंकाई क्रिकेट में हड़कंप मच गया है।
आपको बता दें कि गुनाथिलका 3 हफ्ते पहले चोटिल हो गए थे और टीम में उनकी जगह पर एशेन बनडारा ने ली थी। हालांकि मुख्य टीम से बाहर होने पर भी टीम मैनेजमेंट ने उन्हें खुद से जोड़े रखने का फैसला किया था।
मतलब वो ऑस्ट्रेलिया से घर वापस नहीं लौटे थे।
आपको बता दें दनुष्का गुनाथिलका पर 29 साल की महिला ने रेप का आरोप लगाया है। ये महिला उन्हें एक डेटिंग एप के जरिए मिली थी।
ऑस्ट्रेलियाई अखबार ‘द ऑस्ट्रेलियन के मुताबिक, पुलिस ने बताया कि श्रीलंका के 31 साल के इंटरनेशनल क्रिकेटर को सिडनी के ससेक्स स्ट्रीट होटल से रविवार को तड़के 1 बजे पर गिरफ्तार किया गया।
ये गिरफ्तारी 29 साल की महिला के लगाए आरोप में की गई है। गुनाथिलका को अब कोर्ट में पेश किया जाएगा। श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने उन्हें बैन भी कर दिया है।
आपको बता दें इससे पहले भी गुणाथिलका को एक बार और 1 साल के लिए बैन किया जा चुका है। दरअसल जब श्रीलंका साल 2021 में इंग्लैंड के दौरे पर गई थी उस वक्त भी गुणाथिलाका पर कोविड का बायो बबल तोड़ने का आरोप लगा था।
इसके लिए उसको बैन कर दिया गया था। इस दौरान उन्हें अंतराष्ट्रीय क्रिकेट में 1 साल के लिए बैन किया गया था तो वहीं घरेलू क्रिकेट में भी उन्हें 6 महीने के लिए बैन किया गया था।
लेकिन गुणाथिलका ने उस घटना से कोई सीख नहीं ली एक बार सजा मिलने के बावजूद उन्होंने ऐसी घिनौनी हरकत को अंजाम दिया है। अब देखना होगा कि ऑस्ट्रेलियाई कोर्ट क्या फैसला सुनाती है।