कर्नाटक और महाराष्ट्र के बीच सीमा विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। दोनों राज्यों के बीच बढ़ते तनाव पर अब शिवसेना नेता संजय राउत ने एक ऐसा बयान दिया है जिससे सियासी बवाल होना तय है।
दरअसल, राउत ने कहा है कि हम कर्नाटक में ठीक उसी तरह से प्रवेश करेंगे जैसे चीन देश में घुस आया है। पार्टी के वरिष्ठ नेता ने कहा कि उन्हें इस मुद्दे पर किसी की अनुमति की जरूरत नहीं है।
संजय राउत ने आगे कहा कि हम इसे चर्चा के जरिए सुलझाना चाहते हैं लेकिन कर्नाटक के मुख्यमंत्री आग लगा रहे हैं। महाराष्ट्र में एक कमजोर सरकार है और इस पर कोई स्टैंड नहीं ले रही है।
आपको बता दें महाराष्ट्र और कर्नाटक के बीच बेलगावी और कारवार के कुछ गांवों को लेकर सीमा विवाद है। कर्नाटक में आने वाले इन गांवों की आबादी मराठी भाषा बोलती है।
महाराष्ट्र में लंबे समय से इन गांवों को राज्य में शामिल किए जाने की मांग की जा रही है। 1960 में महाराष्ट्र की स्थापना के बाद से ये विवाद सुप्रीम कोर्ट में लंबित है।